वेंटिलेटर पर हैं धर्मेंद्र, निधन की झूठी खबरों पर फूटा हेमा मालिनी और बेटी ईशा का गुस्सा


मुंबई : दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र अस्पताल में भर्ती हैं, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। जहां एक तरफ तमाम न्यूज चैनल ने उनके निधन की खबर चला दी वहीं अमर उजाला ने संयम बरता और धर्मेंद्र के करीबी सूत्र से लगातार जानकारी हासिल करता रहा और हुआ भी कुछ वैसा ही। बेटी एशा देओल ने पोस्ट करके बताया कि धर्मेंद्र की हालत अभी स्थिर है वहीं पत्नी हेमा मालिनी ने भी गलत खबरें फैलाने वालों को फटकार लगाई है।हेमा मालिनी ने गलत खबर फैलाने वाले चैनल्स को फटकार लगाई है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा- ‘जो हो रहा है वह माफ़ करने लायक नहीं है! ज़िम्मेदार चैनल एक ऐसे इंसान के बारे में झूठी खबरें कैसे फैला सकते हैं जो इलाज का जवाब दे रहा है और ठीक हो रहा है? यह बहुत ही अपमानजनक और गैर-जिम्मेदार हरकत है। कृप्या परिवार और उनकी प्राइवेसी की ज़रूरत का सम्मान करें।’सोमवार को हेमा मालिनी ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर धर्मेंद्र की एक मुस्कुराती हुई तस्वीर साझा की है। इसके साथ ही कैप्शन में हेमा मालिनी ने लिखा, ‘मैं धरम जी के बारे में चिंता करने के लिए सभी का धन्यवाद करती हूं, जो अस्पताल में उनके साथ बने हुए हैं। उनकी लगातार देखभाल की जा रही है और हम सब उनके साथ हैं। मैं आप सभी से उनकी सेहत में सुधार और जल्द ही स्वस्थ होने की प्रार्थना करने की अपील करती हूं।’एशा ने पिता धर्मेद्र का हेल्थ अपडेट देते हुए कहा कि उनकी सेहत फिलहाल स्थिर है और वो रिकवर कर रहे हैं। एशा ने झूठी खबरों को फैलाने वाले मीडिया चैनल्स को भी फटकार लगाई। उन्होंने पोस्ट में लिखा- लगता है मीडिया को कुछ ज्यादा ही जल्दी है झूठी खबरें फैलाने की। मैं हमारे परिवार की प्राइवेसी बरकरार रखने के लिए अपील करती हूं। धर्मेंद्र आखिरी बार करण जौहर की फिल्म ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ में नजर आए थे। अब धर्मेंद्र निर्देशक श्रीराम राघवन की युद्ध ड्रामा फिल्म ‘इक्कीस’ में दिखाई देंगे। ‘इक्कीस’, 1971 के भारत-पाक युद्ध के दौरान शहीद हुए भारत के सबसे कम उम्र के परमवीर चक्र विजेता, सेकेंड लेफ्टिनेंट अरुण खेत्रपाल की सच्ची कहानी पर आधारित है। इस फिल्म में अगस्त्य नंदा अरुण खेत्रपाल की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म में धर्मेंद्र और अगस्त्य के अलावा जयदीप अहलावत भी अहम भूमिका में नजर आएंगे।




