डीसी-एसपी ने संयुक्त रूप से आदित्यपुर के छठ घाटों का लिया जायजा, स्थानीय अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश


Saraikela:लोक आस्था का महापर्व चार दिवसीय छठ कल नहाय खाय के साथ शुरू होने जा रहा है. जिसे देखते हुए आज जिले के
डीसी-एसपी ने संयुक्त रूप से आदित्यपुर के छठ घाटों का जायजा लिया है और घाटों पर मौजूद छठ व्रतियों की समस्याओं से अवगत हुए हैं. दोनों अधिकारियों ने मौके पर ही स्थानीय अधिकारियों को इस बाबत आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए हैं. इस अवसर पर डीसी नितीश कुमार सिंह ने आदित्यपुर नगर निगम के प्रशासक रवि प्रकाश, उप प्रशासक पारुल सिंह, नगर निगम के कार्यपालक अभियंता पंकज झा को सभी छठ घाटों को युद्ध स्तर पर दुरुस्त करने का निर्देश दिया है. मौके पर मौजूद आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की आर. आई. टी. थाना प्रभारी संजीव कुमार सिंह एवं अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी को भी छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं के सुरक्षा व्यवस्था के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं. निरीक्षण के क्रम में डीसी नीतीश कुमार सिंह एवं एसपी मुकेश लुनायत रोड नंबर 32 आदित्यपुर दो स्थित छठ घाट में पहुंचे. उपायुक्त ने साफ सफाई एवं पथ प्रकाश इत्यादि की व्यवस्था की समीक्षा की एवं अत्यधिक ढलान वाले स्थान को बैरिकेडिंग करने का निर्देश दिया. डीसी ने बताया की नदी में जहां गहरा पानी है उसे चिन्हित कर नगर निगम द्वारा संकेत के लिए बैलून लगा दें एवं व्रत धारी से अपील करें कि उस बैलून से आगे गहरे पानी की ओर न बढ़े. डीसी ने कहा कि आपातकाल के लिए घाटों पर कुशल तैराक की भी व्यवस्था रहेगी. एसपी ने पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पुलिस एवं नगर निगम को मिलकर काम करने को कहा ताकि सड़क जाम ना हो एवं यातायात सामान्य रहे. प्रशासन ने आम जनता से श्रद्धा भक्ति के साथ शांतिपूर्ण वातावरण में महा छठ पर्व मनाने की अपील की. इस अवसर पर जनकल्याण मोर्चा एवं झारखंड लीगल एडवाइजरी एंड डेवलपमेंट ऑर्गेनाइजेशन के अध्यक्ष अधिवक्ता ओम प्रकाश, शांति समिति के सदस्य एवं कांग्रेस के वरीय नेता सुरेश धारी, सामाजिक कार्यकर्ता लक्ष्मण प्रसाद, अभिजीत कुमार एवं अन्य श्रद्धालु भी उपस्थित थे.
बता दें कि रोड नंबर 32 आदित्यपुर छठ घाट पर पथ प्रकाश,साफ -सफाई, साउंड सिस्टम, तोरण द्वार, चेंजिंग रूम, नदी घाट की सजावट आदि की तैयारी सामाजिक संगठन जन कल्याण मोर्चा, झारखंड लीगल एडवाइजरी एंड डेवलपमेंट ऑर्गेनाइजेशन एवं भगवती संघ के संयुक्त तत्वाधान में किया जाता है.




