1 साल में 3 गुना बढ़ गई साइबर ठगों की ‘कमाई’, 2024 में उड़ाए 22 हजार करोड़


नई दिल्ली:देश के हर कोने से साइबर क्राइम के मामले सामने आ रहे हैं. इसमें साइबर ठग आम लोगों को निशाना बना रहे हैं. सरकार ने भी अब बताया है कि साल 2021 की तुलना में 2022 में देश में साइबर क्राइम में 127 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई. साइबर क्राइम में बढ़ोतरी का यह सिलसिला साल दर साल जारी है. सरकार की ओर से लोकसभा में मंगलवार को पेश आंकड़ों के मुताबिक साइबर ठगों ने 2024 में लोगों को 22 हजार 845 करोड़ रुपये ठग लिए. यह 2023 की तुलना में करीब तीन गुना अधिक है.लोकसभा में गृह राज्य मंत्री बंडी संजय कुमार ने जेडीयू के अजय कुमार मंडल के सवाल के जवाब में यह जानकारी दी. मंडल ने जानना चाहा था कि पिछले तीन सालों में एनसीआरपी (नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल) पर कितने अपराध दर्ज किए गए हैं. उन्होंने इन तीन सालों में लोगों को हुए नुकसान का ब्योरा भी मांगा था. उन्होंने यह भी जानना चाहा था कि इन अपराधों में से कितने का निपटारा हुआ और बाकी के मामलों की क्या स्थिति है.इन सवालों के जवाब में सरकार ने अपने जवाब में बताया है कि राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर 2021 में साइबर क्राइम की 452429 घटनाएं दर्ज की गई थी.सरकार के मुताबिक 2022 में इनकी संख्या बढ़कर 1029026 हो गई.साल 2021 की तुलना में 2022 में साइबर क्राइम में 127.44 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई थी.सरकार ने अपने जवाब में इन साइबर अपराधों में आम लोगों को हुए नुकसान की भी जानकारी दी है.सरकार की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक साल 2022 में आम लोगों को साइबर क्राइम में 2290.24 करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ा. इसी तरह से 2023 में 7465.18 करोड़ और 2024 में 22845.73 करोड़ का नुकसान आम लोगों को उठाना पड़ा.




