पोटका के खपरसाई में डिग्री कॉलेज शिलान्यास पर बवाल, जिला परिषद सदस्या सनमुनि सरदार ने की कार्यक्रम में अनदेखी का विरोध, पुलिस ने कराया मामला शांत


जादूगोड़ा: पोटका प्रखंड के खपरसाई में रविवार को प्रस्तावित डिग्री कॉलेज के शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान जमकर हंगामा हुआ। कार्यक्रम स्थल पर मौजूद जिला परिषद सदस्या सनमुनि सरदार ने शिलान्यास की प्रक्रिया और कार्यक्रम में अपनी अनदेखी पर कड़ा विरोध जताया।

लगभग 35 करोड़ की लागत से बनने वाले इस डिग्री कॉलेज के शिलान्यास को लेकर उन्होंने संवेदक और आयोजकों पर आरोप लगाते हुए कहा कि पोटका विधायक संजीव सरदार के “चहेते जनप्रतिनिधियों” को बुलाया गया, जबकि क्षेत्र की निर्वाचित जिला परिषद सदस्य को नजरअंदाज करना पूरी तरह अन्यायपूर्ण है।
करीब आधा घंटा तक कार्यक्रम स्थल पर जमकर बवाल होता रहा। विधायक संजीव सरदार की मौजूदगी में हालात बिगड़ते देख पोटका पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और मामले को शांत कराया।
सनमुनि सरदार ने तीखे शब्दों में कहा,
“सरकारी योजनाओं में सिर्फ विधायक या उनके खास लोगों को शामिल करने का कानून कहां लिखा है? क्षेत्र के लोगों की आवाज को दबाने की कोशिश नहीं चलने दी जाएगी।”
उधर, इस विवाद पर पूछे जाने पर विधायक संजीव सरदार ने पूरे प्रकरण को खारिज करते हुए कहा कि कार्यक्रम में किसी तरह का विरोध या अनदेखी की बात सत्य नहीं है।



