चेन्नई मेट्रो ट्रेन सबवे में फंसी,यात्रियों को अन्य स्टेशन तक पैदल सुरंग से जाना पड़ा


चेन्नई: चेन्नई में सुबह की ऐसी सैर के लिए कोई तैयार नहीं था, जिसमें लोगों को मेट्रो रेल ट्रैक पर चलना पड़ा, क्योंकि विमको नगर डिपो की ओर जा रही मेट्रो ट्रेन सबवे में फंस गई थी. चेन्नई मेट्रो रेल की ब्लू लाइन में मंगलवार तड़के तकनीकी खराबी आ गई. ये मेट्रो विमको नगर डिपो और चेन्नई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के बीच चलती है. सेंट्रल मेट्रो और हाई कोर्ट स्टेशन के बीच ट्रेन सबवे में फंस गई. यही नहीं बिजली भी बंद गई, जिसकी शिकायत यात्रियों ने तुरंत की. घटनास्थल से साझा किए गए वीडियो में यात्री रेलिंग को पकड़े हुए तथा समस्या को समझने के लिए बाहर झांकने का प्रयास करते हुए दिखाई दे रहे हैं.चेन्नई मेट्रो रेल लिमिटेड ने बताया कि रुकावट एक टेक्निकल खराबी की वजह से हुई थी। हालांकि बाद में इसे दुरुस्त कर दिया गया और फिर ब्लू लाइन पर सर्विस शुरू कर दी गई। आधे घंटे से ज़्यादा समय तक चली इस खराबी से यात्रियों को काफी परेशानी हुई।
CMRL ने कहा कि ‘ब्लू लाइन पर एयरपोर्ट और विम्को नगर डिपो के बीच मेट्रो ट्रेन सर्विस नॉर्मल ऑपरेशन फिर से शुरू हो गई हैं। ग्रीन लाइन पर पुरात्ची थलाइवर डॉ. एमजी रामचंद्रन सेंट्रल मेट्रो और सेंट थॉमस माउंट के बीच सर्विस भी शेड्यूल के हिसाब से चल रही हैं।’ CMRL ने गड़बड़ी का सही कारण पता लगाने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए एक इंटरनल असेसमेंट शुरू किया है।




