चाकुलिया: लोकतंत्र का महापर्व मनाने परदेस से अपने गांव लौटने लगे मजदूर

0
Advertisements
Advertisements

चाकुलिया: आपके एक वोट से फर्क पड़ता है। मतदान अधिकार भी है और कर्तव्य भी। इस तथ्य को कमाने के लिए परदेस जाने वाले मजदूर भी समझते हैं। इसलिए मतदान करने के लिए चाकुलिया प्रखंड के विभिन्न गांवों के मजदूर परदेस से अपने गांव लौटने लगे हैं। लोकतंत्र के महापर्व में मतदान कर कमाने के लिए फिर परदेस लौट जाएंगे।विदित हो कि रोजगार के अभाव में प्रखंड के विभिन्न गांव से सैकड़ों मजदूरों ने कमाने के लिए विभिन्न राज्यों में पलायन किया है। यहां के मजदूर पश्चिम बंगाल, ओडिशा, आंध्र प्रदेश समेत अन्य कई राज्यों में जाकर मजदूरी करते हैं। लोकतंत्र के महापर्व लोक सभा चुनाव 2024 की डुगडुगी बज रही है। जमशेदपुर संसदीय क्षेत्र में आगामी 25 मई को मतदान होगा। मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के लिए प्रशासन दिन रात मतदाता जागरूकता अभियान चलाकर मतदाताओं को मतदान करने के लिए जागरुक कर रहा है। इसके लिए कई कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। मतदान के महत्व को समझते हुए मतदान करने के लिए अनेक मजदूर परदेस से अपने गांव लौट आए हैं। परदेस से मजदूरों का आना जारी है। प्रखंड की बेंद पंचायत के बेंद गांव के पाथरचाकड़ी सबर टोला के कई सबर युवा मतदान करने के लिए बंगाल और आंध्र प्रदेश से अपने घर लौट आए हैं। टोला के शीतल सबर नामक युवक ने कहा कि एक सप्ताह पूर्व वह आंध्र प्रदेश से अपने घर लौटा है। उसने कहा कि 25 मई को मतदान करूंगा। इसके बाद कमाने के लिए आंध्र प्रदेश चला जाऊंगा। टोला के अन्य कई मजदूर भी बंगाल से अपने घर लौट आए हैं। अन्य कई गांवों में भी मजदूरों के लौट आने के समाचार हैं।

Advertisements
Advertisements

Thanks for your Feedback!

You may have missed