151 बार रक्तदान करने वाले शतक वीर रक्तदाता अरुण पाठक को मिला अटल सम्मान


आदित्यपुर : पूर्व प्रनमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृतियों को जीवंत रखने के लिए आहूत होने वाला ‘अटल सम्मान समारोह 2025’ इस वर्ष दिल्ली के ऐतिहासिक एनडीएमसी हॉल में संपन्न हुआ. इस कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों के उन सितारों को नवाजा गया, जिन्होंने समाज और राष्ट्र निर्माण में अपना अमूल्य योगदान दिया है. इस वर्ष के समारोह की चमक आध्यात्मिक गुरु और परमार्थ निकेतन (ऋषिकेश) के प्रमुख स्वामी चिदानंद सरस्वती महाराज एवं सांसद मनोज तिवारी की गरिमामयी उपस्थिति से और बढ़ गई. समारोह का सबसे प्रेरक पल जब ‘रक्त बाबा’ के नाम से मशहूर जमशेदपुर के शतकवीर अरुण पाठक को मंच पर सम्मानित किया गया. पाठक ने अब तक रिकॉर्ड 151 बार रक्तदान कर न केवल मानवता की सेवा की है, बल्कि अनगिनत जिंदगियों को नया जीवन दान भी दिया है. उनकी यह उपलब्धि समाज के युवाओं के लिए एक बड़ी मिसाल बनकर उभरी है. कार्यक्रम के आयोजन में ‘सैल्यूट तिरंगा’ संस्था की अहम भूमिका रही. संस्था की राष्ट्रीय समन्वयक और दिल्ली महिला विंग की अध्यक्ष निशा सोलंकी ने बताया कि राष्ट्र सेवा और देशभक्ति के जज्बे वाले ऐसे व्यक्तित्वों को सम्मानित करना संस्था के लिए बड़ी उपलब्धि है.




