गृह रक्षक नव नामांकन हेतु आयोजित शारीरिक दक्षता सह लिखित परीक्षा में कुकड़ू प्रखंड के अभ्यर्थियों ने लिया भाग, उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न केंद्रों का किया निरीक्षण


सरायकेला खरसावाँ : सरायकेला–खरसावाँ जिला अंतर्गत गृह रक्षक नव नामांकन हेतु आयोजित शारीरिक दक्षता सह लिखित परीक्षा कार्यक्रम के तहत आज दिनांक 17 मार्च 2026 को बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला में कुकड़ू प्रखंड के अभ्यर्थियों द्वारा परीक्षा में भाग लिया गया. मौके पर उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत द्वारा संयुक्त रूप से विभिन्न शारीरिक परीक्षा केंद्र स्थलों का निरीक्षण किया गया तथा लिखित परीक्षा केंद्र का अवलोकन कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी अभ्यर्थियों के साथ सहयोगात्मक एवं संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित किया जाए. साथ ही यह भी निर्देशित किया गया कि परीक्षा से संबंधित सभी प्रक्रियाएं समयबद्ध, सुव्यवस्थित एवं पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई जाएं, ताकि चयन प्रक्रिया निष्पक्ष एवं त्रुटिरहित रूप से पूर्ण हो सके. उपायुक्त ने अभ्यर्थियों की सुविधा एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाए रखने का निर्देश दिया. वहीं पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने एवं सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने हेतु तैनात पुलिस बल को सतर्क एवं सक्रिय रहने का निर्देश दिया.
परीक्षा स्थल पर अभ्यर्थियों के लिए पेयजल, शौचालय, पंडाल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है. साथ ही संपूर्ण परीक्षा प्रक्रिया की निगरानी हेतु आवश्यक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं, जिससे परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके. इस मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला अभिनव प्रकाश, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सरायकेला समीर सवैया , पुलिस उपाधिक्षक (प्रशिक्षु) पूजा कुमारी, जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी सह प्रभारी पदाधिकारी सामान्य शाखा अविनाश कुमार, कमांडेंट एवं निरीक्षक गृह रक्षा वाहिनी सहित अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे.




