धनबाद में 50 करोड़ की सरकारी जमीन पर बुलडोजर कार्रवाई, अवैध दुकानों का अतिक्रमण हटाया


धनबाद : धनबाद में जिला प्रशासन ने लगभग 50 करोड़ रुपये मूल्य की सरकारी जमीन से अवैध कब्जा हटाने के लिए बुलडोजर कार्रवाई की है। यह जमीन बिनोद बिहारी चौक के पास आठ-लेन रोड के किनारे स्थित थी, जहां पिछले लगभग एक महीने से अवैध रूप से दस पक्की दुकानें और निर्माण कर अधिकारियों को चकमा दिया जा रहा था।

मंगलवार को आदित्य रंजन, धनबाद अंचल कार्यालय की टीम के निर्देश पर तथा लोकेश बारंगे के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन और धनबाद पुलिस ने संयुक्त रूप से अभियान चलाकर सभी अवैध दुकानों को तोड़ दिया। अतिक्रमण हटाने के दौरान पक्के और अस्थायी निर्माण दोनों को ध्वस्त किया गया और सरकारी भूमि को कब्जे से मुक्त कराया गया।
कार्रवाई के दौरान कुछ लोग विरोध करने भी पहुंचे। एक महिला ने इसे अपनी जमीन बताते हुए हंगामा किया, लेकिन पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर संरक्षण के लिए धनबाद थाने भेज दिया, बाद में शाम को उसे छोड़ दिया गया। प्रशासन को यह भी सूचना मिली है कि जमीन कुछ व्यक्तियों द्वारा बेची भी गई थी, जिसकी सत्यता की जांच की जाएगी।
जांच में यह भी सामने आया कि अवैध कब्जाधारियों ने सरकारी जमीन पर बिजली कनेक्शन भी ले रखा था। अभियान के दौरान जमीन पर पड़े लगभग 50 बोरी सीमेंट, स्टोन चिप्स और अन्य निर्माण सामग्री भी जप्त की गई है।
जिला प्रशासन ने कहा है कि इस तरह के अभियान अन्य अंचलों में भी चलाए जाएंगे, खासकर उन स्थानों पर जहां अतिक्रमण के कारण ट्रैफिक जाम और रोज़मर्रा की जिंदगी पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। अधिकारियों का कहना है कि सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त रखने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।



