भारत में क्रिसमस की तैयारियां देख हैरान ब्रिटिश व्लॉगर


दिल्ली: भारतीय मूल की ब्रिटिश ब्रॉडकास्टर नरिंदर कौर ने दिल्ली के एक होटल में क्रिसमस सेलिब्रेशन का वीडियो शेयर किया, जिसके बाद उन्होंने भारत की सेक्युलर सोच और धार्मिक सहिष्णुता की तुलना ब्रिटेन से की. उन्होंने कहा कि भारत में अल्पसंख्यक समुदाय के त्योहार भी जिस खुलेपन और सम्मान के साथ मनाए जाते हैं,वह उसे खास बनाता है. सांता क्लॉज, क्रिसमस ट्री और चमचमाती सजावट ने भारत के बाजारों और होटलों की रौनक बढ़ा दी है. इसी माहौल को देखकर ब्रिटिश ब्रॉडकास्टर और भारतीय मूल की शख्सियत नरिंदर कौर हैरान रह गईं. उन्होंने भारत और यूनाइटेड किंगडम के सेक्युलर माहौल की तुलना करते हुए एक वीडियो साझा किया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.इस वीडियो में नरिंदर कौर दिल्ली के एक होटल में लगी विशाल क्रिसमस ट्री और सजी-धजी लॉबी दिखाती नजर आती हैं. उन्होंने लिखा कि भारत की कुल आबादी में ईसाइयों की संख्या महज करीब दो प्रतिशत है, इसके बावजूद यहां क्रिसमस की तैयारियां ऐसे हो रही हैं, जैसे यह बहुसंख्यक समुदाय का त्योहार हो. होटल स्टाफ के सांता हैट पहनने का जिक्र करते हुए उन्होंने इसे सम्मान और समावेशिता की मिसाल बताया.




