बारामती: अजित पवार के अंतिम संस्कार के बीच चोरों ने उठाया फायदा,


महाराष्ट्र : महाराष्ट्र के बारामती में जब लाखों लोग अपने प्रिय नेता ‘अजित दादा’ को अंतिम विदाई देने पहुंचे थे, उसी दौरान इस दुखद मौके का फायदा उठाकर चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया. अंतिम संस्कार के दौरान सोने की चेन चोरी की चौंकाने वाली वारदात सामने आई है.28 जनवरी को राज्य के उप मुख्यमंत्री अजित पवार का विमान दुर्घटना में दुखद निधन हुआ था. उनका बारामती स्थित विद्या प्रतिष्ठान के मैदान में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया. अंतिम दर्शन के लिए महाराष्ट्र के कोने-कोने से लाखों की संख्या में लोग बारामती पहुंचे थे और पूरे शहर में शोक का माहौल था.इसी भारी भीड़ का फायदा उठाते हुए चोरों के एक गिरोह ने लोगों को निशाना बनाया. जानकारी के मुताबिक, करीब 15 लोगों के गले से सोने की चेन चोरी कर ली गई. चोरी किए गए गहनों की कीमत लगभग 25 से 30 लाख रुपये आंकी जा रही है.खास बात यह है कि उस दिन बारामती में करीब 8 हजार पुलिसकर्मी तैनात थे. इसके बावजूद इतनी बड़ी चोरी की घटना होने से पुलिस व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं.

पीड़ित नागरिकों की शिकायत पर बारामती तालुका पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने मोहम्मद यूनुस, राजकुमार आठवले, एजाज मिरावले, मोहम्मद सिराज, बालू बोत्रे सहित दो अन्य आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है.



