नवंबर में 13 दिन नहीं खुलेंगे बैंक, RBI ने जारी की छुट्टियों की लिस्ट — जानें किस दिन कहां रहेगा अवकाश


जमशेदपुर : अगर आप नवंबर महीने में बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम करने की सोच रहे हैं, तो ये खबर आपके लिए जरूरी है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने नवंबर 2025 के लिए बैंकों की छुट्टियों की लिस्ट जारी कर दी है। इस महीने कुल 13 दिन बैंक बंद रहेंगे। इनमें राष्ट्रीय अवकाश, राज्य-स्तरीय त्योहार और साप्ताहिक छुट्टियां शामिल हैं। हालांकि, सभी दिन पूरे देश में एक साथ अवकाश नहीं रहेगा — कई छुट्टियां राज्य-विशेष होंगी। RBI के अनुसार, नवंबर महीने में दूसरे और चौथे शनिवार के अलावा रविवार को तो बैंक बंद रहेंगे ही, साथ ही कुछ राज्यों में स्थानीय पर्व-त्योहारों के कारण अतिरिक्त अवकाश भी रहेगा। 1 नवंबर (शनिवार) – कन्नड़ राज्योत्सव और इगास-बगवाल के अवसर पर कर्नाटक और उत्तराखंड में बैंक बंद रहेंगे। 5 नवंबर (बुधवार) – गुरु नानक जयंती, कार्तिक पूर्णिमा और रास पूर्णिमा के मौके पर पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और दिल्ली सहित लगभग 20 राज्यों में बैंक नहीं खुलेंगे। 6-7 नवंबर (गुरुवार-शुक्रवार) – मेघालय में नोंगकरेम डांस फेस्टिवल और वांगला फेस्टिवल के कारण दोनों दिन अवकाश रहेगा। 8 नवंबर (शनिवार) – कनकदास जयंती के मौके पर कर्नाटक में बैंक बंद रहेंगे। देशभर में नियमित साप्ताहिक छुट्टियों के तहत 2, 8, 9, 16, 22, 23 और 30 नवंबर को बैंक बंद रहेंगे। हालांकि, 15 और 29 नवंबर को बैंक खुले रहेंगे और सामान्य रूप से कामकाज होगा। बैंक शाखाएं बंद रहने के बावजूद ग्राहकों के लिए डिजिटल सेवाएं चालू रहेंगी। यानी नेट बैंकिंग, मोबाइल ऐप, UPI और ATM सेवाएं इन छुट्टियों के दौरान भी पहले की तरह उपलब्ध रहेंगी। इस वजह से ऑनलाइन लेनदेन पर किसी तरह का असर नहीं पड़ेगा। अगर आपको चेक जमा करने, पासबुक अपडेट कराने या किसी अन्य जरूरी बैंक कार्य को पूरा करना है, तो इन छुट्टियों की सूची को ध्यान में रखकर पहले से ही अपनी योजना बना लें।




