सीतारामडेरा में भिखारी के भेष में चोरी की कोशिश, बच्चों के साथ आईं दो महिलाएं रंगे हाथों पकड़ी गईं


जमशेदपुर: जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत भालूबासा काली मंदिर रोड नंबर-9 में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब भिखारी के भेष में आई दो महिलाओं को चोरी की कोशिश करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया।

बताया गया कि दोनों महिलाएं गोद में छोटे-छोटे बच्चों को लिए हुए थीं, जबकि उनके साथ करीब 5 से 6 वर्ष का एक बच्चा भी मौजूद था। बच्चों के साथ होने के कारण किसी को उन पर शक नहीं हुआ और वे इलाके में सामान्य रूप से घूमती नजर आईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह एक घर का मुख्य गेट खुला देखकर दोनों महिलाएं अचानक भीतर घुस गईं। घर में प्रवेश करते ही उन्होंने अलमारी खोलकर कीमती सामान, मोबाइल फोन और अन्य घरेलू वस्तुओं पर हाथ साफ करने की कोशिश शुरू कर दी।
इसी दौरान घर के अंदर से हल्की आवाजें सुनाई दीं, जिससे घरवालों को संदेह हुआ। जब परिवार के सदस्य भीतर पहुंचे तो उन्होंने दोनों महिलाओं को चोरी करते हुए पकड़ लिया। खुद को घिरा देख महिलाएं बहाने बनाने लगीं और खुद को मजबूर व गरीब बताने का प्रयास करने लगीं।
घटना की सूचना मिलते ही शोर मच गया और आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची जमशेदपुर पुलिस ने दोनों महिलाओं को हिरासत में लेकर थाना ले जाया।
पुलिस बच्चों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। यह भी जांच की जा रही है कि कहीं यह कोई संगठित गिरोह तो नहीं, जो बच्चों का इस्तेमाल सहानुभूति हासिल करने और चोरी जैसी घटनाओं को अंजाम देने में करता हो।
घटना के बाद से इलाके के लोग सतर्क हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने घरों के गेट-दरवाजे बंद रखने और अजनबियों से सावधान रहने की अपील की है।



