ऐप्पल नहीं बेच पा रही लाखों की कीमत वाला यह डिवाइस


Delhi: हर साल लाखों की संख्या में आईफोन, आईपैड और दूसरे डिवाइस बेचने वाली ऐप्पल अपने सबसे महंगे प्रोडक्ट्स में से एक विजन प्रो हेडसेट को नहीं बेच पा रही है. सेंसर टावर के ताजा डेटा से पता चला है कि कंपनी ने विजन प्रो की कमजोर बिक्री के कारण इसका प्रोडक्शन भी बंद कर दिया है. बता दें कि विजन प्रो हेडसेट को सबसे पहले 2023 में लॉन्च किया गया था और इसकी कीमत 3 लाख रुपये से अधिक है. ऐप्पल ने ऑफिशियली नहीं बताया है कि वह इस डिवाइस की कितनी यूनिट्स बेच चुकी है, लेकिन इसकी बिक्री कमजोर रही है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, बीते वर्ष की आखिरी तिमाही में इस डिवाइस की केवल 45,000 यूनिट्स ही बिक पाई हैं. इसे देखते हुए इसका प्रोडक्शन करने वाली चाइनीज कंपनी और ऐप्पल की सप्लायर लक्सशेयर ने 2025 में ही इसका प्रोडक्शन बंद कर दिया था. गौरतलब है कि ऐप्पल इस डिवाइस को केवल 13 देशों में ही बेच रही है. विजन प्रो हेडसेट के हिट न होने के बाद अब ऐप्पल ने स्मार्ट ग्लासेस बनाने का फैसला किया है. ये ग्लासेस विजन प्रो वाले सॉफ्टवेयर visionOS पर ही रन करेंगे. ऐप्पल ग्लासेस अलग-अलग डिवाइस के हिसाब से दो अलग मोड में काम करेंगे. जब ये मैकबुक से कनेक्ट होंगे तो visionOS का फुल वर्जन यूज कर पाएंगे, वहीं आईफोन से पेयरिंग के समय ये एक हल्के और मोबाइल-फ्रैंडली वर्जन पर काम करेंगे. इस तरह ये ऐप्पल इकोसिस्टम के साथ आसानी से इंटीग्रेट हो पाएंगे. ऐप्पल ग्लास की पहली जनरेशन में लेंस में डिस्प्ले नहीं मिलेगा.




