दुलारचंद यादव मर्डर केस में,अनंत सिंह को किया गिरफ्तार


बिहार: बिहार में सत्तारूढ़ जनता दल यूनाईटेड को जोर का झटका लगा है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मोकामा से जदयू प्रत्याशी अनंत सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। मोकामा के दुलारचंद यादव हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई करते हुए पटना पुलिस ने पूर्व विधायक और एनडीए उम्मीदवार अनंत सिंह को बाढ़ के कारगिल मार्केट से गिरफ्तार कर लिया है. इससे पहले उनके सरेंडर की संभावना जताई जा रही थी और इसी सूचना पर एसएसपी की टीम उनके घर पहुंची थी.दुलारचंद यादव की हत्या के बाद मामले की जांच तेज हो गई है. बिहार पुलिस की सीआईडी ने इस केस का जिम्मा संभाल लिया है. सीआईडी डीआईजी जयंतकांत खुद घटनास्थल पहुंचे थे. पुलिस की कई टीमें शनिवार को मोकामा में जांच करने पहुंचीं.जांच के दौरान बसावन चक के घटनास्थल पर एफएसएल टीम भी पहुंची. यहां से कई अहम सबूत जुटाए गए. जो गाड़ियां घटना के दौरान क्षतिग्रस्त हुई थीं, उनसे भी साक्ष्य इकट्ठे किए गए हैं. मोकामा टाल के इलाके से पत्थरों के सैंपल भी लिए गए हैं. ये वही पत्थर बताए जा रहे हैं, जिनसे अनंत सिंह के काफिले पर हमला हुआ … खास बात यह है कि ये पत्थर रेलवे ट्रैक पर इस्तेमाल होते हैं और आमतौर पर मोकामा टाल में नहीं मिलते. इस वजह से पुलिस को पहले से प्लानिंग की आशंका है.बता दें कि दुलारचंद यादव की हत्या के बाद अनुमंडलीय अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया था। पोस्टमार्टम करने वाले डाॅ अजय कुमार के मुताबिक दुलारचंद यादव की पोस्टमोर्टम रिपोर्ट सरकार के पास भेज दी गई है। अब तक के रिपोर्ट में जो बात सामने आई, वह यह है कि उन्हें अंदरूनी चोट थी। बाएं पैर में गोली लगी है, लेकिन उस गोली से मौत नहीं हो सकती। गोली ठेहुना के आर-पार हो गई थी। पूरे शरीर में चोट लगी थी। सीने में भी चोट थी। 10-12 एक्स-रे भी किया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से यह खुलासा हुआ है कि दुलारचंद यादव की मौत आंतरिक चोट से हुई है। उनके सीने की हड्डी और पसलियों की हड्डियां कई जगह से टूटी हुई है। डॉक्टर का कहना है कि गोली लगने से उनकी मौत नहीं हुई है, वहीं रिपोर्ट में ब्रेन हेमरेज से मौत के भी थोड़े से आसार हैं। डॉक्टरों की रिपोर्ट में पूरे शरीर पर गाड़ी के टायर के निशान या सबूत नहीं मिले हैं। छाती के हड्डियां और पसलियों में कई जगह फ्रैक्चर है, बाई छाती की हड्डी अंदर धंसी हुई है। बाएं पैर के एंकल ज्वाइंट के पास से बीच में गोली घुसी और साइड से निकल गई है।




