बिरसानगर के 11 वर्षीय बालक की डोंगा घाट में डूबने से मौत, एनडीआरएफ की मदद से मिला शव


जमशेदपुर:- बिरसानगर जोन नंबर-4 निवासी 11 वर्षीय अंकुश कालिंदी के बारिडीह स्थित डोंगा घाट में डूबने की सूचना मिलते ही समाजसेविका एवं राष्ट्रीय भ्रष्टाचार नियंत्रण एवं जनकल्याण संगठन की उपनिदेशक (जमशेदपुर, झारखंड) रानी गुप्ता ने तत्काल पीड़ित परिवार से संपर्क किया और दुर्घटना स्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

दुर्घटना स्थल की जटिलता को देखते हुए रानी गुप्ता ने स्थानीय सिदगोड़ा थाना को घटना की जानकारी दी। इसके बाद जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों, विशेषकर अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम से एनडीआरएफ टीम की सहायता की मांग की गई। अनुमंडल पदाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एनडीआरएफ टीम को बुलाने का आश्वासन दिया।
प्रशासन के अनुसार एनडीआरएफ टीम को जमशेदपुर पहुंचने में एक दिन का समय लगा और 28 जनवरी की सुबह करीब 9 बजे टीम डोंगा घाट पहुंची। टीम ने मौके पर पहुंचते ही तलाशी अभियान शुरू किया और कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद 11 वर्षीय अंकुश कालिंदी के शव को बरामद करने में सफलता पाई।
शव को बरामद करने के बाद एनडीआरएफ टीम ने उसे स्थानीय प्रशासन को सौंप दिया। इसके पश्चात शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा गया। घटना के समय मृतक के परिजन मौके पर मौजूद थे, जिनका रो-रोकर बुरा हाल था। इस दौरान समाजसेविका रानी गुप्ता पीड़ित परिवार के साथ मौजूद रहीं और उन्हें लगातार सांत्वना देती रहीं।
मौके पर रानी गुप्ता ने जिला प्रशासन और एनडीआरएफ टीम के त्वरित एवं सराहनीय प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया।



