YouTube पर देखकर प्रेग्नेंट महिला का किया ऑपरेशन, तड़प-तड़प कर हुई मौत


बिहार: बिहार के भागलपुर जिले से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जिसने राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी। जिले के कहलगांव प्रखंड के एकचारी क्षेत्र में एक झोलाछाप डॉक्टर ने यूट्यूब पर वीडियो देखकर एक गर्भवती महिला का सिजेरियन ऑपरेशन कर दिया, जिसके कारण महिला की तड़प-तड़प कर मौत हो गई। गुरुवार रात एकचारी क्षेत्र के श्रीमठ स्थान निवासी स्वाति देवी को प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने गांव की ही आशा कर्मी की सलाह पर अमर कुमार मंडल नामक डॉक्टर के क्लीनिक में भर्ती कराया। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर ने 30 हजार रुपये लेकर ऑपरेशन की बात कही और सहमति मिलने के बाद मोबाइल पर यूट्यूब वीडियो देखकर ऑपरेशन शुरू कर दिया।मिली जानकारी के मुताबिक, घटना भागलपुर जिले के रसलपुर थाना क्षेत्र के एकचारी श्रीमठ इलाके की है। मृतका की पहचान झारखंड के गोड्डा जिले के ठाकुर गंगटी निवासी विक्रम साह की पत्नी स्वाति देवी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि स्वाति अपने मायके खड़हरा आई हुई थी। गुरुवार रात उसे प्रसव पीड़ा होने लगी। परिजन उसे अमर कुमार के अवैध क्लिनिक ले गए।मृतका की मां सुषमा देवी ने आरोप लगाते हुए बताया कि- ‘डॉक्टर ने नॉर्मल डिलीवरी के लिए मना कर दिया और ऑपरेशन से डिलीवरी कराने का दबाव बनाया। डॉक्टर ने इसके लिए 30 हजार रुपये फीस वसूल ली। ऑपरेशन के दौरान डॉक्टर मोबाइल पर यूट्यूब वीडियो देखकर ऑपरेशन कर रहा था।’




