अदाणी एंटरप्राइजेज के मुनाफे में 90 गुना उछाल,


Delhi: अदाणी ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी, अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड ने अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में दमदार प्रदर्शन किया है.अदाणी एंटरप्राइजेज (AEL) ने वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही (Q3) के नतीजे जारी किए.जिसमें कंपनी का नेट प्रॉफिट पिछले साल के मुकाबले लगभग 90 गुना बढ़कर 5,627 करोड़ रुपये हो गया है.वहीं, एक्सचेंज फाइलिंग में कंपनी ने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 के पहले नौ महीनों यानी अप्रैल-दिसंबर में कंपनी का कुल रेवेन्यू 69,756 करोड़ रुपये और कंसोलिडेटेड एबिटा (EBITDA) 11,985 करोड़ रुपये दर्ज किया गया.नतीजों पर खुशी जताते हुए चेयरमैन गौतम अदाणी ने कहा कि यह सफलता हमारी मजबूत रणनीति और इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं की ताकत को दिखाती है. उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे भारत 5 ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी बनने की ओर बढ़ रहा है, अदाणी एंटरप्राइजेज देश के आर्थिक विकास और तकनीक को नई ऊंचाई पर ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है.अदाणी सोलर के लिए भी यह तिमाही शानदार रही. कंपनी अब दुनिया की टॉप-10 सोलर मैन्युफैक्चरिंग कंपनियों में शामिल होने वाली भारत की इकलौती कंपनी बन गई है. देश में सोलर मॉड्यूल की बिक्री 40% बढ़कर 997 मेगावॉट तक पहुंच गई है. साथ ही, ग्रीन हाइड्रोजन इकोसिस्टम में भी हर तिमाही 1 गीगावॉट से ज्यादा मॉड्यूल की बिक्री जारी है.कंपनी के अन्य सेक्टर्स में भी तेजी देखी जा रही है. डेटा सेंटर बिजनेस (ACX) की ऑपरेशनल क्षमता अब 50 मेगावॉट के पार पहुंच गई है. वहीं, वॉटर बिजनेस सेगमेंट में कंपनी को ‘मीठी नदी परियोजना’ के लिए लेटर ऑफ इंटेंट (LoI) मिला है, जो कंपनी के बढ़ते पोर्टफोलियो का हिस्सा है.




