आजादनगर में घर में आग लगने से महिला झुलसी,


जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो के आजादनगर थाना क्षेत्र के रोड नंबर-10, ज़ाकिरनगर स्थित कबीरिया स्कूल के पास सोमवार रात एक घर में अचानक भीषण आग लग गई. यह आग मोहम्मद अजीम नामक व्यक्ति के घर में लगी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. आग इतनी तेज़ थी कि घर में रखे कई कीमती सामान जलकर खाक हो गए. इनमें एयर कंडीशनर (एसी) सहित अन्य घरेलू उपकरण, फर्नीचर और जरूरी सामान शामिल हैं. इस हादसे में घर के अंदर मौजूद एक महिला आग की चपेट में आकर झुलस गई. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तत्परता दिखाते हुए महिला को बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया. गंभीर रूप से झुलसी महिला को इलाज के लिए (टीएमएच) ले जाया गया है, जहां उसका उपचार जारी है.आग की लपटें और शोरगुल सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। घर के भीतर एक महिला आग की चपेट में आ गई थी। स्थानीय युवाओं और पड़ोसियों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए लपटों के बीच से महिला को बाहर निकाला। महिला काफी हद तक झुलस चुकी थी, जिसे बिना देर किए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) ले जाया गया। वहां उसका इलाज जारी है।
हादसे के वक्त स्थानीय लोगों की सूझबूझ ने बड़ी अनहोनी को टाल दिया। जब तक सरकारी सहायता पहुंचती, मोहल्ले के लोगों ने खुद मोर्चा संभाल लिया। लोगों ने बाल्टियों और पानी के पाइप के सहारे कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया और उसे आसपास के घरों तक फैलने से रोक दिया। स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर गहरा आक्रोश देखा गया कि सूचना देने के बावजूद दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर नहीं पहुंची।घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि, अभी तक आग लगने के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सूत्रों के अनुसार बिजली के शार्ट सर्किट से चिंगारी भड़की, जिसने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की छानबीन कर रहे हैं।




