सीतारामपुर में भव्य टूसू मेला, सांसद ने चार दिवसीय अवकाश की मांग उठाई


Saraikela : बांदो दरहा टूसू मेला समिति की ओर से सीतारामपुर में भव्य टूसू मेला का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो शामिल हुए. उन्होंने कहा कि कल मकर संक्रांति था और आज आखान यात्रा है. टूसू मां से वे प्रार्थना करती हैं कि हर परिवार में सुख, शांति और उन्नति बनी रहे. सांसद ने कहा कि झारखंड भारत की सोने की चिड़िया है, लेकिन यहां के लोग आज भी गरीब हैं. टूसू पर्व के अवसर पर पूरे प्रदेश से झारखंड के लोग अपने गांव-घर लौटते हैं और परिवार के साथ यह पर्व मनाते हैं. उन्होंने टूसू पड़ाव, आखान यात्रा और बंदना-सोहराय पर्व पर कुल चार दिन का अवकाश घोषित किए जाने की मांग की.
मेले में छोटे-बड़े मिलाकर कुल 20 टूसू प्रतिमाएं शामिल हुईं. प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ टूसू प्रतिमा को प्रथम पुरस्कार के रूप में 20 हजार रुपये, द्वितीय को 15 हजार, तृतीय को 10 हजार, चतुर्थ को 8 हजार और पंचम को 5 हजार रुपये प्रदान किए गए. शेष प्रतिमाओं को सांत्वना पुरस्कार दिया गया. कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता बास्को बेसरा, झामुमो नेता भोंडा बेसरा, झामुमो नगर अध्यक्ष बीरेंद्र प्रधान, आनंदी आचार्य, बीरेंद्र गुप्ता, लालू बेसरा, राजेश लाहा, खिरोद सरदार सहित अन्य अतिथि उपस्थित थे. आयोजन को सफल बनाने में बुधराम बेसरा, नूना राम हंसदा, दुर्गा बेसरा, रवि मांझी, प्रेम मार्डी, जागरण मार्डी सहित समिति के सदस्यों की अहम भूमिका रही.




