सरायकेला-खरसावां में नेशनल अंडर-19 शतरंज प्रतियोगिता का भव्य ट्रॉफी रिवील, देशभर से 300 से अधिक खिलाड़ी होंगे शामिल


Saraikela :सरायकेला-खरसावां जिला शतरंज संघ द्वारा आयोजित होने वाली नेशनल अंडर-19 शतरंज प्रतियोगिता 2025 को लेकर रविवार को ट्रॉफी रिवील एवं प्रेस ब्रीफिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया. यह प्रतियोगिता जिले के लिए ऐतिहासिक मानी जा रही है, क्योंकि इससे पहले इसी संघ द्वारा नेशनल अंडर-9 शतरंज प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया जा चुका है.
प्रेसवार्ता में आयोजकों ने बताया कि इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से 300 से अधिक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं.
बॉयज़ कैटेगरी में लगभग 45 रेटेड खिलाड़ी शामिल हैं, जिनमें पश्चिम बंगाल और महाराष्ट्र से सर्वाधिक प्रविष्टियाँ प्राप्त हुई हैं. वहीं गर्ल्स कैटेगरी में लगभग 31 रेटेड खिलाड़ी भाग ले रही हैं, जिनमें झारखंड और महाराष्ट्र की भागीदारी सबसे अधिक है. प्रतियोगिता में कई इंटरनेशनल मास्टर, फिडे मास्टर और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भी हिस्सा ले रहे हैं, जिससे मुकाबले का स्तर काफी ऊँचा रहने की उम्मीद है. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सरयू राय विधायक ने कहा कि शतरंज ऐसा खेल है जो बच्चों में अनुशासन, धैर्य और तार्किक सोच विकसित करता है. उन्होंने कहा कि सरायकेला-खरसावां जैसे जिले में राष्ट्रीय अंडर-19 प्रतियोगिता का आयोजन होना गर्व की बात है और इससे स्थानीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय मंच मिलेगा. संरक्षक शंभुनाथ सिंह ने कहा कि जिला शतरंज संघ द्वारा लगातार राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं का आयोजन यह दर्शाता है कि जिले में खेलों के प्रति गंभीरता और मजबूत संगठनात्मक क्षमता है. इससे आने वाले समय में और भी बड़े आयोजन संभव होंगे. बोर्ड के चेयरमैन मनोज सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि शतरंज मानसिक विकास का उत्कृष्ट माध्यम है. उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में खिलाड़ियों की भागीदारी यह साबित करती है कि झारखंड अब शतरंज के राष्ट्रीय मानचित्र पर तेजी से उभर रहा है. प्रताप आदित्य सिंह देव ने कहा कि नेशनल अंडर-19 प्रतियोगिता युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण मंच है, जहां से भविष्य के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी निकलते हैं. आयोजन के मैस्कॉट ‘गजराज’ के बारे में भी जानकारी दी गई। बताया गया कि ‘गजराज’ शतरंज में धैर्य, संतुलन और दूरदर्शिता का प्रतीक है और यह झारखंड की सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा हुआ है. मैस्कॉट का पहला लॉन्च रांची स्थित सरला बिरला विश्वविद्यालय में तथा दूसरा लॉन्च माननीय रक्षा राज्य मंत्री के कार्यालय में किया गया था. कार्यक्रम में सरायकेला-खरसावां जिला शतरंज संघ के अध्यक्ष मनोज कुमार, अनिल सिंघानिया, राज कुमार सिंह एवं विनोद सिंह उपस्थित रहे.




