दिशोम सोहराय महोत्सव के फुटबॉल टूर्नामेंट में महुलडीह बना विजेता

राजनगर : दिशोम सोहराय और देश बांदना के अवसर पर छोटा कुनाबेड़ा फुटबॉल मैदान में आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन हो गया। फाइनल मुकाबले में महुलडीह की टीम ने लिटेगोसा को हराकर खिताब अपने नाम किया। छोटानागपुर किसान क्लब की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल की कुल 64 टीमों ने हिस्सा लिया।

फाइनल मुकाबले का उद्घाटन मुख्य अतिथि पोटका विधायक संजीव सरदार ने किया। आयोजन समिति की ओर से फुटबॉल प्रतियोगिता की आठ टीमों के अलावा देश बांदना और दिशोम सोहराय में शामिल टीमों को भी आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर विधायक संजीव सरदार ने कहा कि ऐसे आयोजनों से झारखंड की समृद्ध परंपरा और आदिवासी संस्कृति को संरक्षित रखने में मदद मिलती है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल को रोजगार का माध्यम बनाने, बेहतर प्रशिक्षण लेने और लगातार मेहनत करने की अपील की।
कार्यक्रम में झामुमो संगठन सचिव सुनाराम मुर्मू, मुखिया रायमनी हांसदा और समाजसेवी विप्लव पति समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में समिति अध्यक्ष महेश बास्के, माझी बाबा राजेश माझी, जमाल हांसदा, कान्हू मुर्मू, करन मार्डी, राजन हांसदा, लखन मार्डी और भादो मुर्मू सहित अन्य सदस्यों की भूमिका रही।


