झारखंड के 66.92 लाख परिवारों को हर महीने मिलेगी 1 किलो चना दाल, सरकार ने निकाली निविदा

रांची : झारखंड के करीब 66.92 लाख राशन कार्डधारक परिवारों को हर महीने 1 किलोग्राम चना दाल उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए खाद्य और उपभोक्ता मामलों के निदेशालय ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत चना दाल की आपूर्ति के लिए ऑनलाइन निविदा जारी की है। वित्तीय वर्ष 2026-27 (अप्रैल 2026 से मार्च 2027) के लिए दर अनुबंध के आधार पर आपूर्तिकर्ताओं का चयन किया जाएगा। चयन की प्रक्रिया ई-टेंडर और उसके बाद ई-रिवर्स ऑक्शन के माध्यम से पूरी होगी। निविदा में शामिल होने वाले बोलीदाताओं को 12.82 करोड़ रुपये की अर्नेस्ट मनी डिपॉजिट (EMD) ऑनलाइन जमा करनी होगी।


योजना के तहत राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) और झारखंड राज्य खाद्य सुरक्षा योजना (JSFSS) के पात्र लाभुकों को दाल दी जाएगी। राज्य में JSFSS के अंतर्गत 5,87,567 परिवार और 18,54,015 सदस्य हैं। वहीं, NFSA के तहत 61,05,156 परिवार और 2,64,19,221 सदस्य पंजीकृत हैं। NFSA में प्राथमिकता प्राप्त परिवार (PHH) के 51,88,089 परिवार और 2,29,61,419 सदस्य शामिल हैं, जबकि अंत्योदय अन्न योजना (AAY) के तहत 9,17,067 परिवार और 34,57,802 सदस्य दर्ज हैं।
सरकारी प्रावधान के अनुसार, पात्र राशन कार्डधारकों को प्रत्येक महीने प्रति राशन कार्ड 1 किलोग्राम चना दाल उपलब्ध कराने की व्यवस्था है। इसमें PHH, AAY और हरा राशन कार्डधारक परिवार शामिल हैं। दाल राशन दुकानों के माध्यम से अनुदानित या मुफ्त दर पर उपलब्ध कराई जाती है। इसकी कीमत समय-समय पर संशोधित सरकारी नियमों के अनुसार निर्धारित होती है। आपूर्ति या खरीद में देरी होने पर वितरण का बकाया जमा हो जाता है, जिसे जिला प्रशासन के निर्देश पर समायोजित कर वितरित किया जाता है।


