स्कूली वाहनों की जांच में मिलीं खामियां, कुछ पर जुर्माना तो कुछ को चेतावनी

जमशेदपुर : स्कूली बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला परिवहन विभाग और यातायात पुलिस ने संयुक्त रूप से स्कूल बसों और अन्य स्कूली वाहनों की जांच की। डीटीओ महेश्वरी प्रसाद यादव और ट्रैफिक डीएसपी नीरज पाठक के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान कई वाहनों में सुरक्षा संबंधी खामियां पाई गईं। जांच में वाहनों के जरूरी दस्तावेज, फिटनेस, सुरक्षा उपकरण और बच्चों के बैठने की व्यवस्था की पड़ताल की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले कुछ वाहनों से जुर्माना वसूला गया, जबकि कुछ को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।


डीटीओ महेश्वरी प्रसाद यादव ने बताया कि जांच के दौरान कई स्कूली वाहनों में कमियां मिली हैं। कुछ वाहनों को फिलहाल चेतावनी दी गई है। साथ ही संबंधित स्कूल प्रबंधन को पत्राचार कर वाहनों की खामियां दूर करने और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। वहीं, ट्रैफिक डीएसपी नीरज पाठक ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और स्कूली वाहनों में सुरक्षा नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


