अज्ञात वाहन की टक्कर से 22 वर्षीय बाइक सवार गंभीर, सिर में लगी चोट

गालूडीह : गालूडीह थाना क्षेत्र के सालबनी स्थित वृंदावन गार्डन के पास शुक्रवार को सड़क दुर्घटना में एमजीएम थाना क्षेत्र के गोलकाटा गांव निवासी सीमांत भकत (22) गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ग्रामीणों ने पुतड़ु टोल प्लाजा की एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची एंबुलेंस से घायल युवक को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल जमशेदपुर भेजा गया, जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।


जानकारी के अनुसार, सीमांत भकत विश्वकर्मा पूजा करने के बाद गोलकाटा गांव से स्प्लेंडर बाइक संख्या जेएच 05 डीवाई 0499 से गालूडीह की ओर जा रहा था। इसी दौरान सालबनी में वृंदावन गार्डन के पास किसी अज्ञात वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। दुर्घटना में उसके सिर पर गंभीर चोटें आयी हैं।
हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल युवक को संभालते हुए एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया। बताया गया कि दुर्घटना के समय युवक ने हेलमेट नहीं पहना था। सिर में गंभीर चोट के कारण उसकी हालत चिंताजनक बतायी जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।


