व्रत रखकर आधे घंटे में घर लौटने को कहा था निखार, मां फलाहार लेकर करती रह गई इंतजार






जमशेदपुर : निखार सबलोक की हत्या ने शहर को झकझोर दिया है। सावन के अंतिम सोमवार को निखार व्रत पर थे। दोपहर करीब तीन बजे उनकी मां ने फोन कर घर आने के बारे में पूछा तो उन्होंने लगभग आधे घंटे में पहुंचने की बात कही। मां ने उनके लिए साबूदाना और कुछ मीठा बनाकर फलाहार तैयार कर रखा था, लेकिन निखार घर नहीं लौट सके। पुलिस को आशंका है कि अपराधियों को उनके टेंथ माइल स्टोन होटल पहुंचने की सटीक जानकारी थी और संभव है कि उनकी रेकी जमशेदपुर से ही की जा रही हो। हत्या के समय मौजूद निखार के चार साथियों से भी पूछताछ की जा रही है।


जांच में एक महिला की गतिविधियां भी पुलिस के रडार पर हैं, जिसे सीसीटीवी में लगातार फोन पर बात करते देखा गया है। उसके मोबाइल की कॉल डिटेल, लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के साथ निखार के फोन की कॉल डिटेल भी खंगाली जा रही है। निखार का जमीन कारोबार से जुड़े लोगों के साथ संपर्क था और उन्होंने कई बड़े जमीन सौदों में प्रभावशाली कारोबारियों को पीछे छोड़ा था। होटल कारोबार के अलावा उनकी व्यावसायिक गतिविधियां विदेशों तक थीं। पुलिस यह भी जांच रही है कि हत्या के पीछे कारोबारी प्रतिस्पर्धा, पैसों का लेन-देन, सुपारी या प्रॉपर्टी से जुड़ा दबाव तो कारण नहीं था।
निखार ने कम उम्र में ही कारोबार और राजनीति दोनों में अपनी पहचान बनाई थी। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने पिता राजा सबलोक के साथ कारोबार शुरू किया और रियल एस्टेट में सक्रिय हुए। उनका भाजपा और झामुमो के कई नेताओं से जुड़ाव रहा था। वे विधायक सरयू राय के भी लंबे समय तक करीबी रहे, हालांकि कुछ दिनों से उनके यहां आना-जाना बंद था।


