प्रधानाध्यापक के तबादले पर भड़के छात्र, 7 घंटे सड़क जाम; पुलिस पर पथराव से मचा हड़कंप



गढ़वा : कांडी में प्रधानाध्यापक के तबादले के विरोध में छात्रों ने उग्र प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान करीब 7 घंटे तक सड़क जाम रही और तोड़फोड़ भी हुई। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन प्रदर्शनकारियों की ओर से पुलिस पर पथराव किया गया। घटना के कारण इलाके में तनाव की स्थिति बन गई और आवागमन प्रभावित रहा।छात्र प्रधानाध्यापक के तबादले का विरोध कर रहे थे और उनकी मांग थी कि तबादले की कार्रवाई वापस ली जाए। इससे पहले राजकीय कृत प्लस टू उच्च विद्यालय कांडी के प्रभारी प्रधानाध्यापक मलय कुमार सिंह के खिलाफ स्थानीय जनप्रतिनिधियों की ओर से कई गंभीर आरोप लगाए गए थे। जिला शिक्षा पदाधिकारी जगरनाथ लोहरा ने उनसे स्पष्टीकरण मांगा था। इसके बाद उनका प्रभार विद्यालय के वरीय शिक्षक राम प्रसाद पाठक को सौंपते हुए मलय कुमार सिंह का प्रतियोजन डंडई प्रखंड के उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय लवाही कला कर दिया गया था।प्रशासन की ओर से छात्रों को समझाने और स्थिति नियंत्रित करने का प्रयास किया गया। छात्रों का कहना था कि मलय कुमार सिंह के कार्यकाल में विद्यालय में अनुशासन और पढ़ाई की व्यवस्था बेहतर रही थी और उनके हटने से स्कूल की व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।




