बोकारो एसपी का नक्सल प्रभावित इलाकों का दौरा, थानों और सुरक्षा कैंपों का लिया जायजा



बोकारो : पुलिस अधीक्षक, बोकारो ने शुक्रवार को जिले के विभिन्न थाना, ओपी, पिकेट और सुरक्षा कैंपों का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान ललपनिया ओपी, महुआटांड़ थाना, जगेश्वर विहार थाना, दनिया पिकेट, रहावन ओपी तथा झुमरा सीआरपीएफ कैंप का दौरा कर वहां की सुरक्षा व्यवस्था, प्रशासनिक कार्यों और भौगोलिक परिस्थितियों की समीक्षा की गई।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना एवं कैंप परिसरों में साफ-सफाई, अभिलेख संधारण (सीरिस्ता) और कानून-व्यवस्था से जुड़े कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने उपस्थित पुलिस पदाधिकारियों से विभिन्न मामलों की जानकारी प्राप्त कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित और विधिसम्मत समाधान सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
एसपी ने सभी लंबित कांडों, न्यायालय से जारी वारंट, इस्तेहार और कुर्की मामलों का समयबद्ध निष्पादन करने का निर्देश दिया। इसके अलावा पासपोर्ट सत्यापन और चरित्र सत्यापन से जुड़े मामलों का भी निर्धारित समय सीमा के भीतर निपटारा सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने प्रत्येक थाना में सप्ताह में एक दिन अनिवार्य रूप से ‘थाना दिवस’ आयोजित कर आम जनता की शिकायतों और समस्याओं के समाधान की व्यवस्था करने का निर्देश दिया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनता और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना प्राथमिकता है। थाना स्तर पर पारदर्शी कार्यशैली और त्वरित कार्रवाई से लोगों का विश्वास और मजबूत होगा। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने तथा लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन पर विशेष बल दिया गया।


