छत से गिरने के बाद युवक की मौत, अस्पताल में बिल को लेकर हंगामा



जमशेदपुर : गोविंदपुर थाना क्षेत्र के लुआबासा निवासी 45 वर्षीय जुरू गोप की टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में इलाज के दौरान मौत हो गई। बताया गया कि वह कुछ दिन पहले रात में छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां सीसीयू में उनका इलाज चल रहा था। बुधवार रात करीब 8 बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि अस्पताल प्रबंधन ने 1.87 लाख रुपये बकाया बिल जमा नहीं होने पर शव देने से इनकार कर दिया। इसके बाद भाजपा नेता विमल बैठा के नेतृत्व में परिजनों और समर्थकों ने अस्पताल परिसर में प्रदर्शन और नारेबाजी शुरू कर दी। करीब पांच घंटे तक चले हंगामे के बाद अस्पताल प्रबंधन ने पूरा बकाया बिल माफ कर दिया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंपा गया।
मृतक के बेटे अजय गोप ने बताया कि परिवार पहले ही इलाज के लिए घर और जेवर गिरवी रखकर करीब डेढ़ लाख रुपये जमा कर चुका था। उन्होंने कहा कि आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण बाकी राशि देना संभव नहीं था। देर शाम जुरू गोप का अंतिम संस्कार कर दिया गया।


