बिजली चोरी पर बड़ा एक्शन, राज्यभर में छापेमारी से 517 मामले पकड़े गए, 84 लाख का जुर्माना



झारखंड : झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड ने बिजली चोरी रोकने के लिए पूरे राज्य में सघन छापेमारी अभियान चलाया. यह विशेष अभियान 25 मई 2026 को सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक एक साथ सभी जिलों में संचालित किया गया. मुख्यालय के एपीटीओ के नेतृत्व में कुल 119 टीमों का गठन किया गया था, जिसमें सभी क्षेत्रीय अधिकारी शामिल रहे.

अभियान के दौरान 3590 परिसरों में जांच की गई, जिनमें 517 मामलों में बिजली चोरी पकड़ी गई. इन मामलों में संबंधित उपभोक्ताओं पर जुर्माना लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज की गई. निगम के अनुसार, पकड़े गए मामलों में कुल 84.69 लाख रुपये का आकलन किया गया है. कार्रवाई के दौरान पुलिस बल का भी सहयोग लिया गया.
सर्किलवार आंकड़ों के अनुसार रांची में 422 छापों में 38 मामले, गुमला में 151 छापों में 26 मामले, जमशेदपुर में 363 छापों में 36 मामले, चाईबासा में 457 छापों में 35 मामले, धनबाद में 334 छापों में 27 मामले, चास में 273 छापों में 38 मामले, डालटनगंज में 289 छापों में 46 मामले, गढ़वा में 95 छापों में 23 मामले, दुमका में 107 छापों में 25 मामले, साहिबगंज में 228 छापों में 38 मामले, गिरिडीह में 197 छापों में 38 मामले, देवघर में 139 छापों में 33 मामले, हजारीबाग में 179 छापों में 54 मामले, रामगढ़ में 204 छापों में 35 मामले और कोडरमा में 152 छापों में 25 मामले दर्ज किए गए.


