शराबियों के हंगामे पर पहुंची पुलिस टीम पर हमला, एएसआई घायल, इलाके में तनाव


सुपौल : राघोपुर थाना क्षेत्र के राघोपुर पंचायत स्थित वार्ड नंबर 4 के महादलित टोला में शनिवार देर रात पुलिस टीम पर हमला किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिली थी कि कुछ लोग शराब के नशे में हंगामा कर रहे हैं। मौके पर पहुंची पुलिस टीम जब पूछताछ कर रही थी, तभी कुछ लोगों ने लाठी-डंडे और पत्थरों से हमला कर दिया। इस दौरान पुलिस वाहन के शीशे भी तोड़ दिए गए।

हमले में एएसआई अंजय कुमार घायल हो गए, जिनके सिर में चोट लगने के बाद पांच टांके लगाए गए। महिला होमगार्ड काजल कुमारी भी जख्मी हुई हैं। घटना के बाद कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। पुलिस ने अब तक नौ लोगों को गिरफ्तार किया है और वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है। छीनी गई राइफल को गांव के पास झाड़ियों से बरामद किए जाने की भी चर्चा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।


