ट्रिपल मर्डर के बाद अंतिम संस्कार में दर्दनाक माहौल… बेटे-बेटी ने निभाई अंतिम रस्में, घर में मचा कोहराम


जमशेदपुर : सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के एग्रिको इलाके में हुए दर्दनाक ट्रिपल मर्डर ने पूरे शहर को झकझोर दिया। एक ही परिवार के तीन सदस्यों—55 वर्षीय सरिता सिंह, 31 वर्षीय गर्भवती बेटी सुप्रिया सिंह और 30 वर्षीय बेटे रविशेख कुमार—की हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और सनसनी फैल गई।इस बीच सिदगोरा निवासी आरोपी पति को अब जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है. बताया जाता है कि दिल्ली में रहने वाले उनके एक बेटी और रायपुर में रहने वाले बेटे ने अपनी मां और भाई का अंतिम संस्कार किया. वही मृतका सुप्रिया कुमारी का अंतिम संस्कार उसके पति ने किया । इस दौरान एक साथ तीन लाश को देखकर भाई बहन के चीत्कार ने सबको गमगीन कर दिया. हर कोई इस घटना को लेकर हत्यारे को कोस रहे हैं.

जानकारी के अनुसार, यह वारदात सोमवार सुबह हुई जब पारिवारिक विवाद अचानक हिंसक हो गया। आरोप है कि रिटायर्ड कर्मचारी रविंद्र प्रसाद सिंह ने घर के अंदर ही अपनी पत्नी, बेटे और बेटी पर कुल्हाड़ी और हथौड़े से हमला कर दिया, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने बाद में खुद ही पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी और मौके पर ही मौजूद रहा।
सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद इलाके में भारी तनाव और दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। परिवारिक विवाद को इस जघन्य हत्या की वजह माना जा रहा है।
इधर, पुलिस लगातार आरोपी रविंद्र सिंह से पूछताछ कर रही है। हालांकि अब तक हत्या के पीछे की कोई ठोस वजह सामने नहीं आई है। बताया जा रहा है कि पूछताछ के दौरान कभी वह खुद को फांसी देने की बात करता है तो कभी अपने बच्चों के सामने रोने लगता है। पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच तेज कर दी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार रविंद्र सिंह की मानसिक स्थिति पिछले कुछ समय से ठीक नहीं थी और उनका इलाज भी चल रहा था। लेकिन कोई यह सोच भी नहीं सकता था कि एक पिता इतना बड़ा खूनी खेल खेल देगा। रविंद्र सिंह सेवानिवृत्त कर्मचारी बताया जा रहा है। परिवार में उनके चार बच्चे हैं, जिनमें एक बेटा रायपुर में और एक बेटी दिल्ली में रहते हैं, जबकि दोनों बेटी की शादी हो चुकी है। मृतक रविशेख और बड़ा बेटा अभिषेक सिंह अविवाहित था ।
इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है। लोग लगातार इस घटना की निंदा कर रहे हैं और पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जता रहे हैं। वहीं पुलिस मामले की हर एंगल से जांच में जुटी हुई है।


