कॉमर्स विषय में रोशनी आरा ने लातेहार जिले में पाया दूसरा स्थान, डीसी संदीप कुमार ने किया सम्मानित


महुआडांड़: महुआडांड़ प्रखंड के अंबोवाटोली की बेटी रोशनी आरा ने कॉमर्स विषय में शानदार प्रदर्शन करते हुए लातेहार जिले में दूसरा स्थान प्राप्त कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया है। रोशनी आरा की इस उपलब्धि से महुआडांड़ सहित पूरे जिले में खुशी का माहौल है।रोशनी आरा, शराफत अंसारी की पुत्री हैं। उन्होंने अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन के बल पर यह सफलता हासिल की है। ग्रामीण परिवेश में रहकर भी उन्होंने यह साबित कर दिया कि अगर लक्ष्य बड़ा हो तो कठिन परिस्थितियां भी सफलता की राह नहीं रोक सकतीं।रोशनी आरा आगे चलकर बैंकिंग एवं चार्टेड अकाउंटेंसी के क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि वह पढ़ाई के साथ-साथ नौकरी भी करना चाहती हैं, ताकि अपने परिवार का सहारा बन सकें और अपने सपनों को पूरा कर सकें।इस शानदार सफलता पर लातेहार उपायुक्त संदीप कुमार ने रोशनी आरा को सम्मानित करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उपायुक्त ने कहा कि जिले की बेटियां शिक्षा के क्षेत्र में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं, जो पूरे जिले के लिए गर्व की बात है।मौके पर संत तेरेसा विद्यालय की प्राचार्या भी मौजूद रहीं। उन्होंने रोशनी की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि विद्यालय परिवार को अपनी छात्रा पर गर्व है। उन्होंने कहा कि रोशनी शुरू से ही पढ़ाई में मेहनती और अनुशासित रही हैं, जिसका परिणाम आज पूरे जिले के सामने है।रोशनी आरा की सफलता से महुआडांड़ क्षेत्र के छात्र-छात्राओं में नया उत्साह देखने को मिल रहा है। परिजनों, ग्रामीणों एवं शुभचिंतकों ने मिठाई बांटकर खुशी जाहिर की और बेटी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



