कुरैशी मोहल्ला में गोलियों की तड़तड़ाहट से मचा हड़कंप, फायरिंग के बाद इलाके में दहशत


जमशेदपुर : शहर के टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) के पास धतकीडीह स्थित कुरैशी मोहल्ला रविवार सुबह गोलियों की आवाज से दहल उठा। बाइक सवार बदमाशों ने गामा होटल के बाहर अचानक फायरिंग कर दी, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना सुबह करीब 7:30 बजे की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, फायरिंग उस समय हुई जब होटल संचालक और वहां मौजूद कर्मचारी बाहर मौजूद थे। इसी दौरान बदमाशों ने गोलियां चला दीं, हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है और सभी लोग बाल-बाल बच गए। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई और लोग अपने घरों में छिप गए।
बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले हुई कहासुनी और रंगदारी से जुड़े विवाद के बाद यह वारदात हुई। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। बदमाश फायरिंग के बाद मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश में छापेमारी की जा रही है.


