वार्ड 17 में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग, पार्षद ने थानेदार को सौंपा ज्ञापन


Saraikela : वार्ड 18 के पूर्व पार्षद और वार्ड 17 के 6 एलएफ में चोरों द्वारा बंद घर को निशाना बनाकर चोरी की घटना को अंजाम देने के बाद आम शहरियों में भय का माहौल है. ऐसे में वार्ड 17 की पार्षद नीतू शर्मा और एक जागरूक नागरिक कैलाश पाठक ने मंगलवार को आदित्यपुर थाना प्रभारी के नाम ज्ञापन सौंप कर वार्ड के सेंसेटिव इलाकों, सार्वजनिक जगहों आदि पर पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है. ज्ञापन में पार्षद ने थानेदार को जानकारी दी है कि वार्ड के कई जगहों पर शाम ढलते ही नशेड़ियों का जमावड़ा लगता है जो ब्राउन शुगर, शराब, बीयर आदि का खुलेआम सेवन करते रहते हैं जिससे आम नागरिकों को घरों से निकलना मुश्किल हो गया है. यही नशेड़ी अपना खर्चा निकालने के लिए रात के अंधेरे में बंद और सुने क्षेत्रों के घरों को चिन्हित कर चोरी, छिनतई जैसे अप्राधपन को अंजाम देते हैं. ज्ञापन लेने के बाद थानेदार ने आश्वस्त किया है कि पुलिस गश्त नियमित रूप से कराई जाएगी और नशेड़ियों और आवारा किस्म के लोगों को चौक चौराहे पर अड्डेबाजी करने के दौरान पकड़ कर उसके विरुद्ध उचित कारवाई की जाएगी.



