₹1300 करोड़ का मेगा प्लान, मेडिकल कॉलेजों में बढ़ेंगी MBBS-PG सीटें, स्वास्थ्य व्यवस्था को बड़ी राहत


रांची : झारखंड सरकार ने राज्य में डॉक्टरों की कमी दूर करने और चिकित्सा शिक्षा को मजबूत बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। जमशेदपुर के MGM मेडिकल कॉलेज और धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेमोरियल मेडिकल कॉलेज (SNMMCH) के विस्तार और आधुनिकीकरण के लिए ₹1300 करोड़ से अधिक की योजना तैयार कर केंद्र सरकार को डीपीआर भेज दिया गया है।

इस योजना के तहत दोनों संस्थानों में MBBS सीटों को बढ़ाकर 250 और PG सीटों को 200 करने का प्रस्ताव है। धनबाद के SNMMCH में इन्फ्रास्ट्रक्चर, नए शैक्षणिक भवन और आधुनिक उपकरणों के लिए करीब ₹900 करोड़ खर्च करने की योजना है, वहीं जमशेदपुर के MGM में 500-500 बेड के दो अस्पतालों को पहले ही मंजूरी मिल चुकी है, जिनमें से एक शुरू हो चुका है और दूसरे का निर्माण तेजी से चल रहा है।
इस पहल से आने वाले समय में झारखंड को हर साल लगभग 500 नए MBBS डॉक्टर और 400 विशेषज्ञ डॉक्टर मिल सकेंगे। इससे राज्य के शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा सुधार होने की उम्मीद है।


