रेलवे में बड़ा कदम: नए ट्रेनिंग सेंटर का उद्घाटन, XLRI से समझौते ने बढ़ाई ताकत


जमशेदपुर : दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल मिश्रा ने टाटानगर दौरे के दौरान एक अत्याधुनिक बहु-विषयक डिविजनल ट्रेनिंग संस्थान (एमडीडीटीआई) का उद्घाटन किया। चक्रधरपुर मंडल द्वारा विकसित इस केंद्र को पुराने रेलवे स्कूल भवन को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर तैयार किया गया है। यहां डिजिटल क्लासरूम, तकनीकी मॉडल और 100 सीटों वाला कंप्यूटर आधारित प्रशिक्षण केंद्र बनाया गया है, जिससे कर्मचारियों को बेहतर और व्यावहारिक प्रशिक्षण मिल सकेगा।

इस संस्थान में इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल, सिग्नल एवं टेलीकम्युनिकेशन और मैकेनिकल विभागों के लिए अलग-अलग प्रशिक्षण कक्ष बनाए गए हैं। साथ ही ब्रॉड गेज ट्रैक और रेलवे बोगी के मॉडल के जरिए कर्मचारियों को गहन तकनीकी जानकारी दी जाएगी। खास बात यह है कि जमशेदपुर के प्रतिष्ठित संस्थान एक्सएलआरआई के साथ समझौता किया गया है, जिसके तहत प्रबंधन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सुरक्षा और डेटा एनालिटिक्स जैसे आधुनिक विषयों में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
रेलवे अधिकारियों का मानना है कि यह केंद्र कर्मचारियों की दक्षता बढ़ाने के साथ भविष्य में उत्कृष्टता का केंद्र बन सकता है। दौरे के दौरान जीएम ने टाटानगर स्टेशन के रीडेवलपमेंट कार्यों का भी निरीक्षण किया और काम को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। यह पहल रेलवे के आधुनिकीकरण और कौशल विकास की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।


