निफ्टी 25800 के पार खुला, सेंसेक्स 450 अंकों की उछाल के साथ चमका


Delhi : हफ्ते के पहले कारोबारी दिन भारतीय शेयर बाजार ने निवेशकों को शानदार तोहफा दिया। मजबूत वैश्विक संकेतों और सकारात्मक निवेश माहौल के बीच सोमवार को घरेलू इक्विटी बाजार ऊंचे स्तर पर खुले। शुरुआती कारोबार में ही निफ्टी ने 25,800 का अहम स्तर पार कर लिया, जबकि सेंसेक्स में 450 अंकों से ज्यादा की तेजी देखने को मिली। बाजार की इस मजबूत शुरुआत से निवेशकों का भरोसा और मजबूत हुआ है।सोमवार सुबह सेंसेक्स 478.97 अंक यानी 0.57 प्रतिशत की बढ़त के साथ 84,059.37 के स्तर पर कारोबार करता नजर आया। वहीं निफ्टी 139.45 अंक या 0.54 प्रतिशत चढ़कर 25,833.15 के स्तर पर पहुंच गया। बाजार की चौड़ाई भी मजबूती का संकेत दे रही थी।निफ्टी 50 में बैंकिंग, आईटी और मेटल सेक्टर के शेयरों में अच्छी खरीदारी देखने को मिली। SBI, कोटक महिंद्रा बैंक, HCL टेक, टाटा स्टील, जियो फाइनेंशियल और इंफोसिस जैसे दिग्गज शेयरों ने बाजार को मजबूती दी। दूसरी ओर, पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन, मैक्स हेल्थकेयर, हिंदुस्तान यूनिलीवर, महिंद्रा एंड महिंद्रा और एक्सिस बैंक जैसे शेयरों में दबाव नजर आया।अमेरिकी और अन्य वैश्विक बाजारों में आई तेजी का असर भारतीय बाजार पर साफ दिख रहा है। अमेरिका और भारत के बीच ट्रेड डील को लेकर स्थिति साफ होने से अनिश्चितता कम हुई है, जिससे खासकर निर्यात से जुड़ी कंपनियों को फायदा मिलने की उम्मीद है। इससे बाजार में रिस्क ऑन मूड बना हुआ है।




