सोनारी की समस्याओं को लेकर मुखर हुए मुकुल मिश्रा, बोले—जरूरत पड़ी तो आंदोलन होगा


जमशेदपुर के सोनारी इलाके में नागरिक समस्याओं को लेकर रविवार को श्यामा प्रसाद मुखर्जी चिल्ड्रन पार्क में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्रवासियों ने बताया कि सोनारी कई गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है और आम लोग परेशान हैं।

बैठक में मनमानी तरीके से भाड़ा वसूली, साफ-सफाई की बदहाल स्थिति, सफाईकर्मियों की भारी कमी, साथ ही शराब, सट्टा और ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। यह बैठक जमशेदपुर पश्चिम के विधायक के जनसुविधा प्रतिनिधि मुकुल मिश्रा की पहल पर आयोजित की गई थी।
लोगों ने बताया कि सोनारी में बने सामुदायिक भवनों के लिए कोई तय शुल्क नहीं है। जो जैसा चाहता है, वैसा शुल्क बता देता है। कुछ भवनों में 15 हजार रुपये तक वसूले जा रहे हैं। इतना ही नहीं, सामुदायिक भवन लेने वालों को टेंट भी अपनी पसंद से लगाने की अनुमति नहीं दी जाती, बल्कि भवन का ही टेंट लेना अनिवार्य कर दिया जाता है, जिससे खर्च और बढ़ जाता है।
साफ-सफाई को लेकर भी लोगों में नाराजगी देखने को मिली। बैठक में बताया गया कि पहले जुस्को के सफाईकर्मी नियमित रूप से सफाई करते थे, लेकिन अब वे नहीं आते। जेएनएसी के सफाईकर्मी आते जरूर हैं, लेकिन ठीक से सफाई नहीं करते और केवल औपचारिकता निभाकर चले जाते हैं।
इसके अलावा क्षेत्र में सट्टा, शराब और ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार का मुद्दा भी उठा। लोगों ने कहा कि ब्राउन शुगर के खिलाफ तो कुछ कार्रवाई हुई, लेकिन सट्टा और शराब के धंधे पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। स्ट्रीट लाइट की समस्या पर भी बैठक में चिंता जताई गई।
इन सभी समस्याओं को सुनने के बाद मुकुल मिश्रा ने कहा कि इन मुद्दों को लेकर एक मांग पत्र तैयार कर संबंधित अधिकारियों को सौंपा जाएगा। उन्होंने साफ कहा कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो सड़क पर उतरकर आंदोलन का रास्ता भी अपनाया जाएगा।
बैठक में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे और सभी ने एकजुट होकर समस्याओं के समाधान की मांग की।



