ईरान का एयर स्पेस बंद, भाग रहे विदेशी नागरिक,


ईरान: ईरान ने गुरुवार तड़के बिना किसी स्पष्टीकरण के वाणिज्यिक विमानों के लिए अपने हवाई क्षेत्र को बंद करने का आदेश और आगे बढ़ा दिया। तेहरान द्वारा देशव्यापी प्रदर्शनों पर की गई हिंसक कार्रवाई को लेकर अमेरिका के साथ तनाव बना हुआ है। पायलटों को जारी एक नोटिस में कहा गया है कि यह बंद स्थानीय समयानुसार सुबह 7:30 बजे तक जारी रहने का अनुमान है। इससे पहले, दो घंटे से कुछ अधिक समय के लिए हवाई क्षेत्र बंद किया गया था। ईरानी सरकार ने अपने हवाई क्षेत्र को बंद करने के फैसले का कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया।ईरानी अधिकारियों ने बुधवार को संकेत दिया था कि देशव्यापी प्रदर्शनों में हिरासत में लिए गए संदिग्धों के लिए त्वरित सुनवाई और फांसी की सजा हो सकती है, साथ ही अमेरिका या इजराइल द्वारा घरेलू अशांति में हस्तक्षेप करने पर जवाबी कार्रवाई का वादा किया है। ये धमकियां ऐसे समय सामने आईं जब कतर में एक महत्वपूर्ण अमेरिकी सैन्य अड्डे पर तैनात कुछ कर्मियों को वहां से निकलने की सलाह दी गई।डोनाल्ड ट्रंप ने अभी भी ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई करने से इनकार नहीं किया है. उन्होंने मीडिया से कहा कि भले उन्हें सूचित किया गया है कि ईरान ने “फांसी की योजना रोक दी है”, लेकिन उनका प्रशासन इंतजार करेगा और देखेगा.ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने बुधवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर तीखा हमला किया. उन्होंने जून, 2025 में 12 दिनों के ईरान-इजरायल जंग में ईरान में तीन परमाणु ठिकानों पर अमेरिकी हमलों का जिक्र करते हुए वाशिंगटन को पिछली गलती नहीं दोहराने की चेतावनी दी. फॉक्स न्यूज ने अराघची से सवाल किया था कि क्या उनके पास राष्ट्रपति ट्रंप के लिए कोई मैसेज है, जो जमीन पर प्रदर्शनकारियों की मदद के लिए किसी तरह की कार्रवाई पर विचार कर रहे हैं. इसपर ईरानी विदेश मंत्री ने कहा, “मेरा मैसेज है कि वही गलती न दोहराएं जो आपने जून में की थी. आप जानते हैं कि जून में आपने (परमाणु) फैसिलिटी, मशीनों को नष्ट कर दिया था, लेकिन टेक्नोलॉजी पर बमबारी नहीं की जा सकती. और दृढ़ संकल्प पर भी बमबारी नहीं की जा सकती.”डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के निर्वासित क्राउन प्रिंस रेजा पहलवी “बहुत अच्छे लगते हैं” लेकिन उन्होंने इस बात पर अनिश्चितता व्यक्त की कि क्या पहलवी अंततः सत्ता संभालने के लिए ईरान के भीतर समर्थन जुटाने में सक्षम होंगे. अमेरिकी राष्ट्रपति ने रॉयटर्स को यह भी बताया कि ऐसी संभावना है कि ईरान की खामेनेई सरकार गिर सकती है. ओवल ऑफिस में दिए इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा, “वह बहुत अच्छे लगते हैं, लेकिन मुझे नहीं पता कि वह अपने देश में कैसे काम करेंगे और हम वास्तव में अभी तक उस बिंदु तक नहीं पहुंचे हैं. मैं नहीं जानता कि उनका देश उनके नेतृत्व को स्वीकार करेगा या नहीं, और निश्चित रूप से यदि वे ऐसा करेंगे, तो यह मेरे लिए ठीक होगा.”




