मकर संक्रांति पर लाडली बहनों के खाते में 3000 रुपए जमा करेगी महाराष्ट्र सरकार,


मुंबई: महाराष्ट्र सरकार दिसंबर और जनवरी की किस्त मकर संक्रांति के महापर्व पर लाडली बहनों के खाते में जमा करने वाली है। यह कुल रकम 3000 रुपए है। कांग्रेस पार्टी ने इस किस्त पर सवाल उठाते हुए चुनाव आयोग को खत लिखा है।कांग्रेस ने चुनाव आयोग को भेजे गए पत्र में कहा है कि 15 जनवरी को महाराष्ट्र में मतदान होना है, और उससे ठीक पहले महिलाओं के खातों में इस तरह से पैसे ट्रांसफर करना आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है। कांग्रेस का आरोप है कि इस योजना से करीब 1 करोड़ महिलाएं लाभान्वित होंगी और इससे मतदाता सत्ताधारी दल के पक्ष में प्रभावित हो सकते हैं। पार्टी ने इसे सरकारी संसाधनों का दुरुपयोग और परोक्ष रूप से वोटरों को लुभाने का प्रयास बताया है। कांग्रेस ने साफ किया कि वह लाडली बहन योजना के खिलाफ नहीं है, लेकिन उसकी मांग है कि किस्त की राशि मतदान के बाद लाभार्थियों के खातों में डाली जाए।कांग्रेस की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र सरकार से जवाब मांगा है। आयोग ने राज्य के मुख्य सचिव को सुबह 11 बजे तक सरकार का पक्ष स्पष्ट करने को कहा है।कांग्रेस के इस कदम पर भारतीय जनता पार्टी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। बीजेपी नेताओं का कहना है कि कांग्रेस का विरोध महिला विरोधी सोच को दर्शाता है। बीजेपी का तर्क है कि यह योजना पहले से लागू है और इसका चुनाव से कोई लेना-देना नहीं है।BMC चुनाव महाराष्ट्र की राजनीति में बेहद महत्वपूर्ण माने जाते हैं, खासकर मुंबई में। बीएमसी देश की सबसे समृद्ध नगर निगमों में से एक है और जिस पार्टी के पास इसकी सत्ता होती है, उसका राजनीतिक प्रभाव और प्रशासनिक ताकत काफी बढ़ जाती है। यही कारण है कि सभी राजनीतिक दल इस चुनाव को लेकर पूरी ताकत झोंक रहे हैं।




