दिल्ली मे AQI पहुंचा 500, अक्षरधाम और इंडिया गेट हुए गुम


दिल्ली:अशोक विहार 500, रोहिणी 500, जहांगीर पुरी 500 और वजीरपुर 500… दिल्ली में एक्यूआई लेवल का ये स्तर डरा रहा है. ये बेहद गंभीर स्थिति है. दिल्ली में जैसे-जैसे ठंड बढ़ रही है, वैसे-वैसे वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) लेवल में भी इजाफा हो रहा है. दिल्ली स्मॉग की चादर से ढक गया है. विजिबिलिटी 3 मीटर से भी कम है. दिल्ली में सोमवार को सुबह 6 बजे कई इलाकों में एक्यूआई लेवल 500 तक पहुंच गया है. देश की राजधानी में आज सुबह औसत एक्यूआई 456 दर्ज किया गया, जो बेहद गंभीर स्थिति है. ऐसे में लोगों का खुले में सांस लेना मुश्किल हो रहा है. आंखों में जलन और सिर में दर्द से लोग परेशान नजर आ रहे हैं. दिल्ली में ग्रैप-4 लागू है, लेकिन इसके बावजूद हालात कंट्रोल में नहीं आ रहे हैं. दिल्ली की स्थिति इस समय किसी ‘गैस चैंबर’ से कम नहीं है. हवा की रफ्तार बेहद कम है और एक्यूआई लेवल कई इलाकों में 500 के पार पहुंच गया है. अशोक विहार, रोहिणी, जहांगीरपुरी और वजीरपुर में एक्यूआई लेवल 500 तक पहुंच गया है. इसके अलावा लगभग पूरी दिल्ली में एक्यूआई लेवल 400 से ऊपर पहुंच गया है. ये स्थिति ऐसी है, जिसमें लोग घरों में भी जहरीली हवा का शिकार हो सकते हैं. दिल्ली में आज सुबह 6 बजे आनंद विहार में एक्यूआई लेवल 493,नेहरू नगर में 489, ओखला में 483, आरके पुरम में 483 और विवेक बिहार में 493 दर्ज किया गया है.
15 दिसंबर को मध्यम से लेकर घने कोहरे के साथ दोपहर को थोड़ा मौसम खुला रह सकता है. हालांकि स्मॉग की स्थिति बनी रहेगी.16 दिसंबर को आसमान थोड़ा साफ रहेगा, लेकिन सुबह के वक्त कोहरे की स्थिति बनी रहेगी. 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी.17 दिसंबर को आसमान साफ रहेगा, लेकिन कोहरा छाया रहेगा, वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होगा.18 से 20 दिसंबर भी कोहरे का असर रहेगा, पश्चिमी विक्षोभ का असर रहेगा.कुछ इलाकों में बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है.मौसम विभाग का कहना है कि अगले 48 घंटों में तापमान में दो डिग्री की कमी आने के आसार है. इससे दिल्ली,नोएडा,गाजियाबाद समेत उत्तर भारत में न्यूनतम तापमान 1.5 से 2 डिग्री तक नीचे आएगा और ठंड पढ़ेगी. हालांकि अधिकतम तापमान में ज्यादा कमी देखने को नहीं मिलेगी.स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने प्रदूषित हवा के लंबे समय तक संपर्क में रहने के कारण लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरों की चेतावनी दी है. स्वास्थ्य विशेषज्ञ शीला यादव ने कहा कि एक्यूआई का स्तर 300 और 400 के बीच रहने तथा कभी-कभी 450 के पार पहुंचने के कारण लोगों को खासकर सुबह के समय बाहर टहलने या व्यायाम करने से बचना चाहिए. उन्होंने कहा कि शारीरिक गतिविधि को बंद नहीं किया जाना चाहिए, लेकिन इसे घर के अंदर ही करना चाहिए, क्योंकि प्रदूषित हवा के संपर्क में आने से पीएम2.5 जैसे महीन कण फेफड़ों में गहराई तक प्रवेश कर सकते हैं. यादव ने लोगों को सलाह दी कि वे केवल आवश्यक होने पर ही बाहर निकलें. उन्होंने जोर देकर कहा कि सांस लेने वाली गतिविधियों से बचें और शरीर से विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालने में मदद करने के लिए स्वस्थ आहार, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और मौसमी फलों का सेवन करें.




