पुरेंद्र ने 1000 छठव्रतीयों में मिट्टी का चूल्हा, चुनरी साड़ी, लौकी, आटा/ गेहूं एवं आम की लकड़ी का किया वितरण


Saraikela :लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह के नेतृत्व में शुक्रवार को वार्ड संख्या- 26,29, 32,34, एवं 35 की 1000 छठव्रती माताओं-बहनों के बीच पूजन सामग्री का वितरण किया गया. यह कार्यक्रम आदित्यपुर-2 स्थित मार्ग संख्या- 15 मैदान में जन सहयोग से संपन्न हुआ. जहां छठव्रतियों को मिट्टी का चूल्हा, चुनरी साड़ी, लौकी और आम की लकड़ी सहित आवश्यक पूजन सामग्री कूपन प्रणाली के माध्यम से प्रदान की गई. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आदित्यपुर नगर निगम की उपनगर आयुक्त पारुल सिंह उपस्थित थीं. विशिष्ट अतिथि के रूप में आरआईटी थाना प्रभारी संजीव कुमार सिंह, टाटा वर्कर्स यूनियन के महासचिव सतीश सिंह तथा सहायक सचिव नितेश राज शामिल हुए. मुख्य अतिथि पारुल सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि “छठ महापर्व के अवसर पर बीते 10 वर्षों से पुरेंद्र नारायण सिंह के नेतृत्व में आदित्यपुर विकास समिति द्वारा किया जा रहा यह कार्य सराहनीय है. उन्होंने बताया कि नगर निगम द्वारा छठ घाटों तक जाने वाले मार्गों की मरम्मत, सफाई और लाइटिंग की व्यवस्था की जा रही है. साथ ही उन्होंने मंच से कंट्रोल रूम और अपना निजी नंबर जारी करते हुए कहा कि छठ पर्व से जुड़ी किसी भी समस्या के लिए लोग सीधे संपर्क कर सकते हैं. पुरेंद्र नारायण सिंह ने कहा कि “हर वर्ष की तरह इस बार भी छठव्रतियों के बीच पूजन सामग्री का वितरण किया जा रहा है. इस वर्ष कुल 2000 छठव्रती माताओं और बहनों को चूल्हा, चुनरी साड़ी, लौकी, आम की लकड़ी, आटा/ गेहूं और अन्य सामग्री दी जाएगी.




